झंझारपुर, निप्र : झंझारपुर लंगड़ा चौक पर बीते एक माह से जल जमाव से तंग आकर लोगों ने सड़क जाम कर अपने आक्रोश का इजहार किया। स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह से ही बांस बल्ला लगाकर झंझारपुर फुलपरास एन एच को जाम कर दिया। जिससे लंगड़ा चौक के दोनों ओर दर्जनों छोटी बड़ी गाड़ियां फंसी रही। जाम करने वालों में विजय दास, कुमरकांत पासवान, बौआ नट, रविन्द्र कुमार, भोला पासवान आदि ने बताया कि यहां जल जमाव की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। प्रत्येक वर्ष प्रशासन द्वारा यहां के लोगों को स्थायी समाधान का सपना दिखाया जाता है। लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस उपाय नहीं किया जाता है। बरसात के बाद आम जनता भी शांत हो जाती है। तीन घंटों तक जारी जाम को समाप्त करने के लिए एसडीओ शाहिद परवेज, थाना प्रभारी रविभूषण सक्रिय रहे। एसडीओ ने जामकर्ताओं को आश्वासन दिया कि शुक्रवार को जल जमाव की समस्या का निदान कर दिया जाएगा। तब सड़क जाम हटाया गया।
No comments:
Post a Comment