समीक्षा बैठक---
मंत्री ने अफसरों को
दिए कई गंभीर टास्क
---------------
झंझारपुर (मधुबनी), निज प्रतिनिधि : ग्रामीण विकास मंत्री नीतीश मिश्र द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों संग की गई दो दिनों की समीक्षा बैठक में एक ओर जहां कई विभागों की कलई खुली वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के विकास के लिए अहम फैसले लिए गए। मंत्री श्री मिश्र ने विद्युत विभाग के अधिकारियों संग बैठक में घोषणा की कि निकट भविष्य में झंझारपुर में टीआरडब्ल्यू (ट्रांसफार्मर रिपेयेरिंग वर्क शॉप) का निर्माण कराया जाएगा और उसमें आने वाली सभी बाधाओं को दूर किया जाएगा। डीआरडब्लयू के निर्माण होने पर जले ट्रांसफार्मर जल्द ठीक हो जायेंगे। विद्यालयों में रात्रि गश्ती की समस्या से निजात दिलाते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष मंत्री ने व्यवस्था दी कि भाउचर पेमेंट के आधार पर रात्रि गार्ड को रखा जा सकता है। आंगनबाड़ी केन्द्रों में टेक होम राशि वितरण में मिल रही शिकायत के मद्देनजर मंत्री श्री मिश्र ने सभी बीडीओ को अपने-अपने क्षेत्र में वितरण की तिथि जांच करने का आदेश दिया ताकि गड़बड़ी रोकी जा सके। विद्यालयों में बन रहे भवन में लेटलतीफी ने आरईओ दो की कार्यप्रणाली की कलई खोल दी। इतना ही नहीं नगर पंचायत में पोस्ट ऑफिस के नजदीक बने नाला जिससे पानी नहीं निकल रहा है, को मंत्री ने निष्फल व्यय की श्रेणी में रखा। डीडीसी ने अभियंता जीतेन्द्र सिंह पर कार्रवाई की बात बैठक में कही। मंत्री ने बैठक में फूड फॉर वर्क और एसजीआरवाई में बची राशि जमा नहीं करने वाले डीलरों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। मंत्री की मैराथन बैठक ने सुस्त पड़े विभागों को संजीवनी देने का काम किया है। आम लोगों को आशा है कि विभाग संजीदगी से अपने-अपने कार्यो को अंजाम तक पहुंचायेंगे ताकि मंत्री का झंझारपुर को मॉडल अनुमंडल बनाने का सपना साकार हो सके।
No comments:
Post a Comment