Search This Blog

Tuesday, July 26, 2011

कोसी के कटाव से शिवालय को खतरा


--- मंदिर के गर्भगृह तक में बाढ़ का पानी
मधेपुर (मधुबनी), निज प्रतिनिधि : प्रसिद्ध हरेश्वर नाथ महादेव मंदिर के चारों तरफ कोसी नदी कटाव कर रही है। मंदिर पर पहुंचने का एकमात्र साधन नाव ही बचा है। इस कारण अधिकांश श्रद्धालु सावन के इस पवित्र माह में पूजन जलाभिषेक से वंचित हो रहे हैं। द्वालख गांव स्थित यह अति प्राचीन, भव्य शिव मंदिर इलाके में श्रद्धा का केन्द्र बिन्दु है। लेकिन सावन की द्वितीय सोमवारी को भी इक्के-दुक्के लोग ही यहां तक पहुंचने का साहस कर सके। मंदिर के गर्भ गृह तक में बाढ़ का पानी घुस चुका है। तीन तरफ से पूर्ण रूप से मिट्टी का कटाव हो चुका है। सिर्फ मंदिर ही खड़ा दिखाई देता है। ग्रामीण सत्तेलाल मंडल, दुर्गानंद झा सहित अन्य इसे उचित देखरेख न होने का प्रतिफल बता रहे हैं। ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक मंदिर की 12 बीघा जमीन अतिक्रमणकारियों के कब्जे में है। लगभग एक वर्ष पूर्व स्थानीय विधानपार्षद प्रो. विनोद कुमार सिंह के प्रयास से कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा मंदिर सौर्दयीकरण हेतु एक करोड़ रुपए स्वीकृत हुआ था। लेकिन अब तक इस मुतल्लिक कुछ भी कार्य यहां नहीं हो पाया है। मंदिर के भीतरी गुंबद पर वर्षो पूर्व लगे चमकीले पत्थर आज भी इसकी भव्यता की कहानी कहते हैं। मंदिर की इस दशा को देख ग्रामीण सकते में हैं।

No comments:

Post a Comment